ट्रक की चपेट में आकर एक की मौत, जाम


पटना, सनाउल हक़ चंचल-

नवादा। राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर थाना क्षेत्र के अंधरवारी गांव के समीप शुक्रवार को ट्रक की चपेट में आकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान उसी गांव के मणि यादव के पुत्र रामजी यादव के रुप में की गई। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने घंटों देर तक एनएच को जाम कर दिया। बताया जाता है कि युवक सड़क पार कर रहा था। तभी तेज रफ्तार में आ रही ट्रक ने उसे कुचल डाला। जिससे घटनास्थल पर उसकी मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भागने में सफल रहा। सड़क हादसे में युवक की मौत से नाराज ग्रामीणों ने एनएच को जाम कर वाहनों का परिचालन बाधित कर दिया। घंटों देर तक सड़क जाम रहा। जिसके चलते यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। सड़क के दोनों छोर पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसकी सूचना मिलते ही बीडीओ अमरेश कुमार, रजौली थानाध्यक्ष अवधेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझा कर शांत कराया। बीडीओ ने मृतक के आश्रित को पारिवारिक लाभ योजना के तहत बीस हजार रुपये उपलब्ध कराया। इसके बाद जाम समाप्त हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इधर, मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। करुण कंद्रन से माहौल गमगीन बना हुआ था।

No comments:

Powered by Blogger.